केवल सिंह ढिल्लों ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की मुलाकात, पंजाब के विकास और राजमार्ग परियोजनाओं को लेकर हुई चर्चा

चंडीगढ़, 02 नवंबर । भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने सोमवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर पंजाब के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों तथा राज्य में चल रही और प्रस्तावित राजमार्ग परियोजनाओं को लेकर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया।

इस अवसर पर केवल सिंह ढिल्लों ने पंजाब के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने, सड़क संपर्क व्यवस्था में सुधार लाने तथा विकास परियोजनाओं में तेजी लाने से जुड़े मुद्दों पर केंद्रीय मंत्री का ध्यान दिलाया। मुलाकात के बाद केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि उन्हें पंजाब के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर श्री नितिन गडकरी के साथ अपने विचार साझा करने का अवसर मिला। उन्होंने केंद्रीय मंत्री द्वारा अपना बहुमूल्य समय देने और पंजाब के विकास के लिए सदैव तत्पर रहने के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया।

ढिल्लों ने कहा कि प्रदेश की तरक्की और लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है। पंजाब के विकास के लिए केंद्र सरकार के सहयोग से हर स्तर पर प्रयास लगातार जारी रखे जाएंगे।