जगराओं: किसानों का तहसील धरना यूरिया कालाबाजारी का आरोप

जगराओं के तहसील परिसर में किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन भारतीय किसान यूनियन की ओर से किया गया। ब्लॉक सिधवां बेट के किसानों ने अपनी समस्याओं को लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराज़गी जताई। किसान कई घंटे तक एसडीएम का इंतजार करते रहे, लेकिन उनके न पहुंचने पर किसानों ने तहसीलदार वरिंदर भाटिया को अपनी मांगों का लिखित ज्ञापन सौंप दिया। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन किसानों ने साफ कहा कि प्रशासन की लापरवाही से उनकी समस्याएं बढ़ती जा रही हैं।

किसानों का कहना है कि मौजूदा फसल सीजन में यूरिया खाद की भारी कमी है। सहकारी समितियों और बाजारों में खाद उपलब्ध नहीं है। अगर कहीं मिलती भी है, तो महंगे दामों पर दी जा रही है। किसानों ने आरोप लगाया कि खुलेआम कालाबाजारी हो रही है और कई दुकानदार खाद के साथ अन्य सामान खरीदने का दबाव डालते हैं।

बाढ़ से हुए नुकसान का मुआवजा नहीं

किसानों ने पिछले समय आई बाढ़ से हुए नुकसान का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि अभी तक नुकसान की पूरी सूची नहीं बन पाई है और मुआवजा नहीं मिला। इससे छोटे और गरीब किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही यूरिया संकट और बाढ़ मुआवजे की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में एसडीएम कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

इस मौके पर कुलवंत सिंह कांता गालिब, जसविंदर सिंह भामल, हरजिंदर सिंह शेरपुरा, बलवंत सिंह शेरपुरा, जिंदर सिंह भामल, केवल सिंह समेत कई किसान नेता मौजूद रहे।

Related: बंधन मजदूरी व मानव तस्करी पर मीडिया कार्यशाला: जागरूकता व कानूनी पहलू पर विशेषज्ञों ने दी जानकारी