जयपुर, 15 जनवरी । नगर निगम की स्वास्थ्य शाखा ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। इस अभियान में राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल, जयपुर एवं नगर निगम जयपुर के चालान प्रकोष्ठ (स्वास्थ्य शाखा) की संयुक्त टीम शामिल रही।
संयुक्त कार्रवाई के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग, भंडारण एवं वितरण में लिप्त प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई। मौके से करीब 150 किलोग्राम प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त किया गया। कार्रवाई के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों से कैरिंग चार्ज की राशि 1,32,100 रुपए वसूल की गई। अतिरिक्त आयुक्त प्रवीण कुमार ने स्पष्ट किया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है और इसके खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने व्यापारियों और आम नागरिकों से प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की।