भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक षड्यंत्रकारी पार्टी है और भाजपा उनके हर षड्यंत्र का पर्दाफाश करने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता को गुमराह करने की राजनीति करती रही है और उसके नेता केवल एक ही परिवार के इर्द-गिर्द घूमते रहते हैं। यह आरोप शनिवार को पालमपुर में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की एक विशेष बैठक को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता विचारधारा और राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए जनता के बीच कार्य कर रहे हैं और कांग्रेस की सच्चाई को उजागर करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
देशहित में सरकार ने लिए कई ऐतिहासिक निर्णय : विपिन परमार
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विपिन परमार ने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को आगे बढ़ाने के लिए जो मानक निर्धारित किए हैं, उन्हीं के अनुरूप देश की सरकारें और संस्थाएं कार्य करती हैं। उन्होंने कहा कि देशहित और राष्ट्रीय एकरूपता को मजबूत करने के लिए सरकार ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं।
उन्होंने धारा 370 के निरसन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह निर्णय देश को एक सूत्र में पिरोने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था, जिसके लिए संवैधानिक और न्यायिक स्तर पर लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन कार्यकर्ताओं को केवल जनसंख्या के आधार पर नहीं बल्कि विचार और ज्ञान के आधार पर सशक्त बनाने का कार्य कर रहा है। ऐसी कार्यशालाओं के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन के लक्ष्य और राष्ट्र निर्माण के उद्देश्यों को समझने का अवसर मिलता है।
भाजपा सरकार ने बदली देश की दिशा और दशा : डॉ सिकंदर
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि जब से देश में भाजपा की सरकार बनी है, तब से देश की दिशा और दशा दोनों बदली हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गरीबों, वंचितों और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए कई ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत देश के लगभग 81 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज उपलब्ध कराया जा रहा है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण किया गया है, जिससे देश में स्वच्छता और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ा परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाना है।