लुधियाना फैक्ट्री गैस लीक: पिता-पुत्र समेत 3 की मौत, भागने का नहीं मिला मौका

लुधियाना फैक्ट्री में जहरीली गैस लीक, तीन की मौत

लुधियाना में पाना-चाबी बनाने वाली एक फैक्ट्री में रात करीब 2 बजे अचानक जहरीली गैस लीक हो गई। इस हादसे में दम घुटने से बाप-बेटा समेत 3 लोगों की मौत हो गई। फैक्ट्री में काम कर रहे कई मजदूर बेहोश हो गए। कई मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फैक्ट्री में रोजाना की तरह काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक गैस पाइपलाइन से रिसाव शुरू हो गया। कुछ ही मिनटों में जहरीली गैस फैक्ट्री के अंदर फैल गई। गैस का असर इतना तेज था कि वहां मौजूद मजदूरों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। दम घुटने और आंखों में तेज जलन के कारण कई मजदूर फैक्ट्री के अंदर जमीन पर गिर पड़े।

एसडीएम जसलीन भुल्लर ने तीन लोगों की मौत की पुष्टी की है। मृतकों की पहचान पिता मान सिंह, बेटा अमित और श्री राम के नाम से हुई। मान सिंह और अमित मशीन के नीचे निकलने वाली मिट्टी को भरने के लिए गए थे। इसी दौरान वे हादसे की चपेट में आ गए। अमित शादीशुदा था। उसकी एक साल की बेटी भी है। यह हादसा लुधियाना की आरके रोड पर स्थित दीप टूल्स फैक्ट्री में हुआ।

मृतक की बेटी ने लगाया फैक्ट्री मालिक पर आरोप

मृतक मान सिंह की बेटी रेनू ने कहा कि पिता और भाई दोनों रात को काम पर गए थे। वैसे रात को दो से तीन बजे आते हैं। हम फोन करते रहे, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। सुबह हम फैक्ट्री आए। पहले फैक्ट्री गए वहां ट्रैक्टर खड़ा था। उन्होंने कहा कि अस्पताल में एडमिट हैं। उन्होंने हमें पहले एक बार भी फोन नहीं किया और जानकारी नहीं दी। हम अस्पताल आए तो पता चला कि पिता और भाई की मौत हो गई। उसने बताया कि कुल तीन लोगों की मौत हो चुकी है। मेरे पिता का नाम मान सिंह था। भाई का नाम अमित है। तीसरे का नाम पता नहीं। फैक्ट्री में काम दूसरा होता था, लेकिन रात को मलवा उठवाते थे। हमें अभी तक कुछ नहीं पता। परिवार में मम्मी है, भाभी है। भाई की एक डेढ़ साल की बच्ची है। परिवार ग्यासपुरा में रहता है। उसका कहना है कि अभी तक मालिक भी नहीं आए।

एसडीएम बोलीं- पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड जांच करेगा

एसडीएम जसलीन कौर भुल्लर ने कहा कि उन्हें सूचना मिली थी कि यहां पर कुछ लोगों की मौत हो गई है। यह फैक्ट्री दीप टूल्स आरके रोड पर स्थित है। रात को दो बजे यह हादसा हुआ। इसमें तीन लोगों की मौत हुई है और दो लोगों की हालत गंभीर है। ये सभी ओसवाल अस्पताल में भर्ती हैं। अभी यह पता नहीं चला कि गैस कौन सी है। देखने में यह जरूर लग रहा है कि फैक्ट्री के अंदर एक टैंक है। जहां पर कुछ केमिकल या अन्य चीजें स्टोर की गई हैं। पंजाब पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड व नगर निगम की टीमें बुलाई हैं। वो आकर जांच करेंगी।

गैस लीक की जांच के लिए पंजाब पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड की टीम भी बुलाई गई है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फैक्ट्री मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। पीड़ित परिवार ने सरकार से मुआवजे की मांग की है।
Related: हवा भरने वाला सिलेंडर फटा, कर्मचारी गंभीर रूप से घायल — मचा हड़कंप