जालंधर में हैवानियत: हार्पिक पिलाकर महिला की हत्या, पति और सास के खिलाफ केस दर्ज
पंजाब के जालंधर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां अवैध संबंधों का विरोध करने पर पति और सास ने महिला को जबरन हार्पिक (टॉयलेट क्लीनर) पिला दिया। इस जहर ने महिला की जान ले ली। पीड़िता की पहचान नेहा के रूप में हुई है। गंभीर हालत में उसे फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने जान बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
मौत से पहले महिला ने लिखकर दिए थे बयान
मरने से पहले नेहा ने ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के सामने अपने बयान दर्ज कराए थे। वह बोलने की स्थिति में नहीं थी, इसलिए उसने लिखकर अपना बयान दिया। महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति उमंग बस्सी और सास कुसुम बस्सी ने उसे हार्पिक पिलाया है। उसने यह भी बताया कि आरोपी उसे अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने महिला के बयान के आधार पर FIR दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश जारी है, जो अभी फरार हैं।
भाई ने लगाया पुलिस पर ढील बरतने का आरोप
मृतका के भाई अमरीश कुमार ने बताया कि संगरूर में मायके वालों को घटना की जानकारी 24 घंटे बाद मिली। उन्होंने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आरोपी पति शुक्रवार सुबह तक अस्पताल में ही घूम रहा था। इसके बाद वह अपनी मां और 6 साल की बच्ची को लेकर फरार हो गया। परिजनों ने पुलिस से दोनों आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, पुलिस ने केस दर्ज कर छापेमारी तेज कर दी है।
पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपियों की तलाश जारी
ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के बयान के आधार पर करतारपुर पुलिस ने 21 अगस्त को BNS की धारा 123, 109 और 85 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी उमंग बस्सी और कुसुम बस्सी को पकड़ने के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। पुलिस विभाग का कहना है कि मामले की गहनता से जांच चल रही है। फरार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई है। यह घटना महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा को दर्शाती है।
मोहाली में लड़की को जिंदा जलाने का मामला
इसी तरह की एक और घटना मोहाली से सामने आई है। वहां एक नाबालिग लड़की को घर में घुसकर जिंदा जला दिया गया। आरोपी युवक लड़की से बात करने का दबाव बना रहा था। परिवार के विरोध पर शुक्रवार को वह दो साथियों के साथ आया और सैनिटाइजर छिड़ककर आग लगा दी। यहां पढ़ें पूरी खबर। लड़की 80 फीसदी झुलस गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ऐसी घटनाएं समाज के लिए चिंता का विषय हैं।
Related: मंथली मांगने वाले SI ने होटल मालकिन को पीटा, VIDEO देखें