भाजपा की सूची में बड़े नाम, कटारिया के दोनों दामादों के भाइयों को टिकट

उदयपुर, 31 अगस्त । उदयपुर नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोमवार शाम सभी 80 वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों की औपचारिक सूची जारी कर दी। पार्टी ने नामांकन की अंतिम प्रक्रिया के तहत दोपहर 3 बजे तक प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल करवाने के बाद शाम 4 बजे सूची सार्वजनिक की। भाजपा की सूची में वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठन से जुड़े पदाधिकारियों, महिला नेताओं और राजनीतिक परिवारों से जुड़े चेहरों को भी मौका दिया गया है।

भाजपा ने प्रमुख चेहरों में वरिष्ठ नेता प्रमोद सामर, पूर्व उपमहापौर पारस सिंघवी, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश भट्ट और अतुल चंडालिया को चुनाव मैदान में उतारा है। प्रमोद सामर को वार्ड 51, पारस सिंघवी को वार्ड 72, दिनेश भट्ट को वार्ड 45 और अतुल चंडालिया को वार्ड 78 से टिकट दिया गया है। अतुल चंडालिया भाजपा के उदयपुर शहर जिलाध्यक्ष की दौड़ में भी रहे हैं और अब उन्हें महापौर पद की संभावित दौड़ में माना जा रहा है।

सूची में संगठनात्मक पदाधिकारियों पर भी भरोसा जताया गया है। तीन मंडल अध्यक्षों प्रताप सिंह राठौड़, विजय आहूजा और महेशपुरी गोस्वामी को क्रमश: वार्ड 80, 28 और 48 से टिकट मिला है। वहीं भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष डॉ. कविता जोशी को वार्ड 76 से प्रत्याशी बनाया गया है।

राजनीतिक परिवारों को भी भाजपा ने प्रतिनिधित्व दिया है। पंजाब के राज्यपाल एवं वरिष्ठ भाजपा नेता गुलाबचंद कटारिया के दोनों दामादों के भाइयों को टिकट दिया गया है। आकाश वागरेचा वार्ड 5 और अतुल चंडालिया वार्ड 78 से चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्व सभापति रवीन्द्र श्रीमाली के गृह वार्ड 33 से उनके भतीजे जतिन श्रीमाली को टिकट दिया गया है। भाजयुमो के पूर्व अध्यक्ष सन्नी पोखरना की पत्नी मीनल कंठालिया (पोखरना) को वार्ड 35 से मौका दिया गया है।

भाजपा ने कांग्रेस से पूर्व में भाजपा में आए लोकेश गौड़ की पत्नी अमिता गौड़ को भी वार्ड 58 से मैदान में उतारा है। वार्ड 29 में वरिष्ठ दावेदारों के बजाय युवा चेहरे वैभव भंडारी पर भरोसा जताया गया है। वहीं नगर निगम की निर्माण समिति के अध्यक्ष रह चुके आशीष कोठारी को वार्ड 44 से फिर टिकट दिया गया है।

पूर्व देहात जिलाध्यक्ष तख्तसिंह शक्तावत के बेटे जितेन्द्र सिंह शक्तावत को वार्ड 39 से प्रत्याशी बनाया गया है। इस तरह भाजपा की सूची में अनुभव, संगठनात्मक सक्रियता, युवा चेहरों और राजनीतिक विरासत का मिश्रण दिखाई देता है।

सूची जारी होने से पहले ही भाजपा ने सभी प्रत्याशियों को शनिवार को फोन कर कलेक्ट्रेट से नामांकन पत्र लेने के निर्देश दे दिए थे। सोमवार को प्रत्याशियों ने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल किया और इसके करीब एक घंटे बाद पार्टी ने सभी 80 वार्डों की औपचारिक सूची जारी की।