उत्तरकाशी, 02 सितंबर । गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार सक्रिय भूस्खलन जोन चारधाम यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए नासूर बनकर रहे गए हैं। बुधवार को भूस्खलन के कारण गंगोत्री हाईवे चार स्थानों पर बाधित रहा। हालांकि सूचना मिलने के बाद बीआरओ ने कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग को यातायात के लिए सुचारू कर दिया। लेकिन मार्ग बंद होने के कारण लोगों को खासी दिक्कतें उठानी पड़ी।
जिले में निरंतर हो रही बारिश के साथ भूस्खलन लोगों की मुसीबत बनता जा रहा है। बुधवार को गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरासू, नालू पानी, संगलाई के पास भूस्खलन हो गया। इससे पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा व पत्थर सड़क पर आ गए और मार्ग यातायात के लिए बाधित हो गया। इससे चारधाम यात्रा पर आये श्रद्धालु व स्थानीय लोग जाम में फंस गए और घंटो सड़क खुलने का इंतजार करना पड़ा। जिला आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार धरासू के पास मार्ग बुधवार सुबह पांच बचे भूस्खलन से बाधित हो गया था।
जिसे बीआरओ ने तीन घंटे बाद सुबह 8 बजे सुचारू किया। वहीं दूसरी ओर नालूपानी व संगलाई के पास एक-एक घंटे के लिए बाधित रहा। जबकि भटवाड़ी से आगे कैप्टन ब्रिज पर मरम्मत के कारण पुल पर दो घंटे के लिए आवाजाही बंद रही। इससे चारधाम यात्रा व स्थानीय लोगों को आवागमन करने में परेशानी उठानी पड़ी और लोग समय से अपने गंतव्य को नही पहुंच पाए। जिला आपदा प्रबंघन अधिकारी शार्दुल गुसांई ने बताया कि बुधवार को भू स्खलन के कारण बाधित गंगोत्री हाईवे को देर सांय तक यातायात के लिए सुचारू कर दिया है।
वर्तमान समय में गंगोत्री व यमुनोत्री हाईवे सभी प्रकार के वाहनों के खुला है।
फोटो – 2 यूकेआई 07- बुधवार को नालू पानी के पास बाधित हाईवे को सुचारू करती जेसीबी मशीन
2 यूकेआई 08- भटवाड़ी के आगे संगलाई के पास मार्ग खुलने का इंतजार करते चारधाम यात्री व स्थानीय लोग