चंडीगढ़, 04 सितंबर । भारतीय जनता पार्टी के एससी मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष शीतल अंगुराल ने पंजाब भाजपा कार्यालय में एक कार्यक्रम के दौरान अपना पदभार संभाल लिया। इस अवसर पर पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने उन्हें कार्यालय में कुर्सी पर बिठाकर नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और सफल कार्यकाल की कामना की।
केवल सिंह ढिल्लों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में एससी मोर्चा पंजाब के हर क्षेत्र में भाजपा के संगठन को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि नए अध्यक्ष को पूर्व पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के अनुभव का लाभ उठाते हुए संगठन को आगे बढ़ाना चाहिए। ढिल्लों ने कहा कि पंजाब और देश की प्रगति में एससी समुदाय का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने श्री गुरु रविदास जी के ‘बेगमपुरा’ के विचार और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के समानता एवं सामाजिक न्याय के संदेश को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए ढिल्लों ने आरोप लगाया कि राज्य में नशा, कानून-व्यवस्था और गैंगस्टरवाद गंभीर मुद्दे बने हुए हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से पंजाब सरकार की नीतियों को जनता के सामने रखने और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों को देखते हुए अब कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ जमीनी स्तर पर सक्रिय होना होगा। उन्होंने एससी मोर्चा से पार्टी के हर कार्यक्रम, विशेषकर सेवा और सामाजिक अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
पदभार संभालने के बाद शीतल अंगुराल ने पार्टी नेतृत्व का धन्यवाद करते हुए कहा कि वह अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एससी मोर्चा भाजपा की नीतियों और कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने तथा 2027 के चुनावों में संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी ताकत से काम करेगा।