मोहाली, 07 अक्टूबर । पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने बुधवार को मोहाली में पंजाब सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ आयोजित विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए कहा कि भगवंत मान सरकार के भ्रष्टाचार का घड़ा अब भर चुका है। पंजाब को बर्बादी की ओर धकेलने वाली इस सरकार का अंत अब ज्यादा दूर नहीं है। उन्होंने कहा कि पंजाब को लूटने वालों को जनता की अदालत में जवाब देना होगा।
इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी सरकार का पुतला भी फूंका। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष रणजीत सिंह गिल, जिला अध्यक्ष संजीव विशिष्ट, अनुज खोसला, गुरदर्शन सिंह सैनी, एनके वर्मा, संजीव खन्ना और सुखविंदर सिंह गोल्डी सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
इस मौके पर ढिल्लों ने कहा कि यह सरकार साढ़े चार साल से खुद को ईमानदार और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार बताने का स्वांग रचती रही, लेकिन अब इनके भ्रष्टाचार और सरकारी धन के कथित दुरुपयोग के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा, “पंजाब की जनता सब कुछ देख रही है और सही समय पर इसका जवाब देगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पंजाब में भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा पंजाब पुलिस को कई बार पत्र लिखे जाने के बावजूद राज्य सरकार ने मामलों की उचित जांच नहीं की। इसके बाद मामला पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट तक पहुंचा। अब हाईकोर्ट के आदेश पर सीबीआई जांच कर रही है। इससे आम आदमी पार्टी सरकार बौखलाहट में है।