बरनाला: पत्नी की हत्या, फिर पति ने निगला जहर; जानें क्यों?

बरनाला में पति ने पत्नी की तेजधार हथियार से हत्या कर खुद भी खाया जहर

पंजाब के बरनाला जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शुक्रवार को थाना महल कलां के अधीन गांव चन्ननवाल में एक मजदूर ने अपनी पत्नी की तेजधार हथियार से हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद भी खेतों में जहरीली चीज खाकर जान दे दी। पत्नी की चीखें सुनकर आसपास काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो दोनों के शव खेत में पड़े मिले। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल बरनाला भेज दिया है।

आर्थिक तंगी थी झगड़े की वजह

ग्रामीणों के मुताबिक, भोला सिंह मजदूरी करता था। उसकी पत्नी करमजीत कौर भैंस पालती थी और उससे होने वाली कमाई से घर का खर्च चलाने में मदद करती थी। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। इसी वजह से पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। हत्या से पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। दंपति के दो बेटियां और एक बेटा है। इनमें से बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है।

चारा लेने गई थी पत्नी, पीछे से पहुंचा पति

शुक्रवार को करमजीत कौर पशुओं के लिए हरा चारा लेने खेतों में गई थी। वह खेत में काम कर रही थी, तभी भोला सिंह भी वहां पहुंच गया। आरोप है कि उसने तेजधार हथियार से करमजीत कौर के सिर पर कई वार किए। हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, पत्नी की हत्या के बाद भोला सिंह वहां से चला गया। कुछ दूरी पर खेतों में जाकर उसने जहरीली चीज खा ली, जिससे उसकी भी मौत हो गई।

पुलिस जांच में जुटी, शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे

करमजीत कौर की चीखें सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने पति-पत्नी के शवों को पड़ा देखा। जब लोग मौके पर पहुंचे, तो भोला सिंह के मुंह से झाग निकल रही थी। इसके बाद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना महल कलां की पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कमलजीत कौर ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल बरनाला के शवगृह में रखवाया गया है।

ये खबर भी पढ़ें: झोटा की हत्या का नया VIDEO सामने आया। पंजाब के मानसा में कत्ल किए गए नशा विरोधी एक्टिविस्ट परविंदर झोटा के कत्ल का नया वीडियो सामने आया है। इसमें आरोपी केमिस्ट हाथ में पिस्टल लिए दुकान से निकलता है और बाहर खड़े झोटा को पीछे से गोली मार देता है। पूरी खबर यहां पढ़ें।
Related: बरनाला: पुलिस हिरासत में युवक की मौत, हत्या का शक