शिमला से रामपुर और रिकांगपिओ के लिए 21 अक्टूबर से शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा

शिमला, 19 अक्टूबर । राजधानी शिमला के उपनगर संजौली से रामपुर और रामपुर से किन्नौर जिला के रिकांगपिओ के बीच 21 अक्टूबर से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होगी। यह सेवा सप्ताह में तीन दिन सोमवार, शुक्रवार और शनिवार को उपलब्ध होगी। इससे रामपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को शिमला पहुंचने के लिए हवाई परिवहन का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। रामपुर शिमला जिला का सीमावर्ती इलाका है और जनजातीय जिला किन्नौर से सटा है।

एक सरकारी प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि संजौली से हेलीकॉप्टर सुबह 9:55 बजे रवाना होगा और सुबह 10:30 बजे रामपुर पहुंचेगा। इसके बाद हेलीकॉप्टर सुबह 10:50 बजे रामपुर से रिकांगपिओ के लिए उड़ान भरेगा और सुबह 11:25 बजे वहां पहुंचेगा। वापसी में हेलीकॉप्टर रिकांगपिओ से सुबह 11:30 बजे रवाना होकर दोपहर 12:05 बजे रामपुर पहुंचेगा। रामपुर से संजौली के लिए वापसी उड़ान दोपहर 12:10 बजे होगी और हेलीकॉप्टर दोपहर 12:45 बजे संजौली पहुंचेगा।

प्रवक्ता के अनुसार इस सेवा का उद्देश्य दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए आवागमन आसान करना और क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करना है।

प्रवक्ता के अनुसार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला जिले के रामपुर क्षेत्र के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों से बातचीत की थी। इस दौरान उन्होंने दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की आवागमन संबंधी समस्याओं और बेहतर परिवहन सुविधा की जरूरत को समझा। इसके बाद मुख्यमंत्री ने संजौली और रामपुर के बीच हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की घोषणा की थी।

प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप पवन हंस लिमिटेड ने क्षेत्रीय संपर्क योजना उड़ान के तहत शिमला-रामपुर मार्ग पर हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने का अनुरोध किया है। सरकार का कहना है कि इस सेवा से रामपुर क्षेत्र के लोगों को शिमला आने-जाने के लिए परिवहन का एक और साधन मिलेगा। इससे यात्रा संबंधी कठिनाइयों को कम करने और दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंच बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

प्रवक्ता ने आगे कहा कि क्षेत्रीय संपर्क योजना उड़ान 5.0 के तहत शिमला, रामपुर, रिकांगपिओ, कुल्लू, मनाली, मंडी और चंडीगढ़ को जोड़ने वाले हवाई मार्ग हेरिटेज एविएशन और पवन हंस लिमिटेड को आवंटित किए गए हैं।

हेरिटेज एविएशन की ओर से क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत शिमला-रिकांगपिओ, शिमला-कुल्लू-शिमला और चंडीगढ़-मंडी वाया कुल्लू मार्गों पर उड़ानों का संचालन किया जा रहा है। वहीं, पवन हंस लिमिटेड शिमला के संजौली और चंडीगढ़ के बीच सप्ताह में तीन दिन हेलीकॉप्टर सेवा संचालित कर रही है।

इसके अतिरिक्त राज्य क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत शिमला और चंडीगढ़ के बीच सप्ताह में एक दिन अतिरिक्त उड़ान भी संचालित की जाती है। इस उड़ान के लिए राज्य सरकार व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण (वीजीएफ) के तहत 100 प्रतिशत वित्तीय सहायता देती है। इस मद में हर साल लगभग 35.70 लाख रुपये खर्च होते हैं। सरकार के अनुसार इन व्यवस्थाओं के माध्यम से शिमला और चंडीगढ़ के बीच सप्ताह के सातों दिन हवाई संपर्क उपलब्ध कराया गया है।