अमित शाह 20 अक्टूबर को पंजाब दौरे पर, लुधियाना में रावण दहन में होंगे शामिल

लुधियाना, 19 अक्टूबर । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 20 अक्टूबर को एक दिवसीय पंजाब दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वह जहां नशे के खिलाफ आवाज उठाने के कारण मारे गए लोगों के परिजनों से मुलाकात कर उनके साथ दुख साझा करेंगे, वहीं शाम को लुधियाना के दरेसी ग्राउंड में आयोजित रावण दहन समारोह में भी शामिल होंगे। यह जानकारी पंजाब भाजपा के महासचिव अनिल सरीन ने सोमवार को लुधियाना में दी।

अनिल सरीन ने कहा कि जिन तीन परिवारों से अमित शाह मुलाकात करने आ रहे हैं, वे परिवार पंजाब में नशे के खिलाफ लड़ाई के प्रतीक बन गए हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह भगवान श्रीराम ने युद्ध के मैदान में रावण का वध किया था, उसी तरह अब पंजाब को नशे रूपी रावण से मुक्त करवाना है। भाजपा का संकल्प है कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद 31 दिसंबर, 2029 तक पंजाब को पूरी तरह नशामुक्त कर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अमित शाह का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब पंजाब नशे के दर्द से जूझ रहा है और मुख्यमंत्री भगवंत मान विदेश दौरे पर मौज-मस्ती कर रहे हैं। भाजपा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब को लावारिस छोड़ दिया है, जबकि भाजपा पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।

उन्होंने बताया कि अमित शाह सबसे पहले बटाला के श्री हरगोबिंदपुर साहिब में बिक्रमजीत सिंह के परिजनों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह मानसा में मारे गए परविंदर सिंह झोटा के परिवार से मिलकर उनके साथ दुख साझा करेंगे। झोटा के पिता भीम सिंह ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से न्याय की गुहार लगाई थी। अंत में वह संगरूर जिले के गांव तूर बंजारा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने के कारण आत्महत्या करने के लिए मजबूर हुए गुलजार सिंह के परिजनों से मुलाकात करेंगे।

अनिल सरीन ने बताया कि अमित शाह शाम को लुधियाना के दरेसी मैदान में दशहरा समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।