डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के सुरक्षा घेरे का शीशा तोड़ा, महिला गिरफ्तार

लुधियाना, 30 अक्टूबर । जालंधर बाईपास चौक पर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के सुरक्षा घेरे को एक बार फिर नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजकर 57 मिनट पर एक महिला ने प्रतिमा के चारों ओर लगे कांच के सुरक्षा घेरे का शीशा तोड़ दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 45 वर्षीय महिला मनु को गिरफ्तार कर लिया है।

थाना प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की आशंका है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस घटना के बाद एक बार फिर डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पिछले कुछ महीनों में इस स्थान पर तोड़फोड़ और कथित अपमान की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इससे पहले 14 जुलाई को भी प्रतिमा के चारों ओर लगा कांच टूटा हुआ मिला था। घटनास्थल के पास एक पत्थर भी बरामद हुआ था, जिससे कांच तोड़े जाने की आशंका जताई गई थी। इस घटना के विरोध में बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। पुलिस ने आसपास लगे निगरानी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली थी।

इसके बाद 8 सितंबर को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर जूतों की माला डालने का कथित मामला सामने आया था। इस घटना से वाल्मीकि समाज के लोगों में भारी रोष फैल गया था। विरोध में प्रदर्शनकारियों ने जालंधर बाईपास पर जाम लगाकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

लगातार सामने आ रही घटनाओं को लेकर 29 सितंबर को डॉ. आंबेडकर एकता मिशन पंजाब के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त हिमांशु जैन को ज्ञापन सौंपा था। इसमें प्रतिमा की सुरक्षा बढ़ाने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले निगरानी कैमरे लगाने, सौर ऊर्जा से चलने वाली लाइटों की व्यवस्था करने, सुरक्षा जालियों की ऊंचाई बढ़ाने और प्रतिमा के चारों ओर बुलेटप्रूफ शीशा लगाने की मांग की गई थी। प्रतिनिधिमंडल ने पार्क के बेहतर रखरखाव की भी मांग उठाई थी।

अब शुक्रवार सुबह हुई ताजा घटना ने एक बार फिर प्रतिमा की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही घटनाओं के बीच स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की जा रही है।