मथुरा रिफाइनरी में 801 इंजीनियर रेजिमेंट की टीम ने किया तकनीकी अभ्यास

मथुरा, 02 नवम्बर । राष्ट्र की ऊर्जा आवश्यकताओं की निरंतर पूर्ति और महत्वपूर्ण तेल प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए, मथुरा रिफाइनरी में सोमवार 801 इंजीनियर रेजिमेंट (आरएंडपी), आगरा फोर्ट की टीम के लिए एक दिवसीय तकनीकी अभ्यास-सह-परिचय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

ट्रेनिंग वर्ष 2026-27 के अंतर्गत एटीसी-द्वितीय का हिस्सा रहे इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को रिफाइनरी के परिचालन कार्यों, संवेदनशील प्रतिष्ठानों, सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र (इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम) तथा देश की ऊर्जा परिसंपत्तियों के संरक्षण में रिफाइनरी की भूमिका से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी देना था।

कार्यक्रम के दौरान 801 इंजीनियर रेजिमेंट (आर एंड पी) की टीम ने मथुरा रिफाइनरी की कार्यप्रणाली और सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से अध्ययन किया। इस अभ्यास का समन्वय लेफ्टिनेंट कर्नल यद राम बघेल एवं कैप्टन मनीष रोहित द्वारा रेजिमेंट के ट्रेनिंग ऑफिसर के साथ मिलकर किया गया। यह पूरा आयोजन रेजिमेंट के कमांडिंग ऑफिसर के मार्गदर्शन में मथुरा रिफाइनरी के प्रशिक्षण केंद्र में संपन्न हुआ।

मथुरा रिफाइनरी के वरिष्ठ प्रबंधन ने अभ्यास के दौरान 801 इंजीनियर रेजिमेंट की टीम द्वारा दिखाई गई सक्रियता और सीखने के उत्साह की भरपूर सराहना की। प्रबंधन ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विभिन्न संस्थानों के बीच आपसी तालमेल को बेहतर बनाते हैं और राष्ट्रीय ऊर्जा परिसंपत्तियों की सुरक्षा तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को और अधिक मजबूत करते हैं।