अवैध हथियार व नशा सप्लाई नेटवर्क के 11 गुर्गे गिरफ्तार, हथियार व हेरोइन बरामद

चंडीगढ़, 03 नवंबर । अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने अवैध हथियार और नशीले पदार्थ सप्लाई करने वाले तीन नेटवर्कों का पर्दाफाश करते हुए दो नाबालिगों सहित कुल 11 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से दो हैंड ग्रेनेड, 12 आधुनिक पिस्तौल और 310.10 ग्राम हेरोइन बरामद की है।

पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार काे बताया कि बॉबी (21), निवासी निरंकारी कॉलोनी, समाइल सिंह (18) निवासी गाँव चीमां खुर्द तरन तारन, सतमोल सिंह उर्फ ठेकेदार (20) निवासी रतन सिंह चौक, हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी उर्फ भूंडी (23), आकाशदीप सिंह (22) और आकाशदीप सिंह उर्फ आकाश (20) सभी निवासी नारायणगढ़, छेहरटा, शमशेर सिंह उर्फ शेरा (20) और गुरबीर सिंह उर्फ बिल्ला (18) निवासी गाँव बैंका, तरन तारन, विशाल सिंह उर्फ कालू (24) निवासी जंडियाला गुरु, अमृतसर देहाती और दो नाबालिगों को पकड़ा गया है।

इनके पास से बरामद किए गए हथियारों में तीन .30 बोर (चीन के बने) पिस्तौल, दो .30 बोर पीएक्स5 स्टॉर्म, एक 9एमएम जिगाना, एक 9 एमएम ग्लॉक, तीन .30 बोर पिस्तौल, एक .32 बोर पिस्तौल और एक .315 बोर देसी हथियार सहित 33 जिंदा कारतूस शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस टीमों ने एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि मुलजिम कथित तौर पर विदेशी हैंडलरों और गैंगस्टरों के संपर्क में थे, जो मुलजिमों को ड्रोन के माध्यम से गैर-कानूनी हथियार और नशीले पदार्थों की खेप भेजते थे ताकि इन्हें आगे सप्लाई किया जा सके। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए मुलजिम इन हथियारों का इस्तेमाल लोगों को डरा-धमकाकर उनसे फिरौती वसूलने के लिए करते थे। डीजीपी ने बताया कि अन्य गुर्गों की पहचान करने तथा हथियारों व नशे की सप्लाई करने वाले बड़े गैर-कानूनी नेटवर्कों को बेअसर करने के लिए अगली जाँच जारी है।

पहली कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए अमृतसर के पुलिस कमिश्नर (सीपी) हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि थाना रणजीत एवेन्यू की टीमों ने बॉबी, समाइल सिंह और सतमोल सिंह उर्फ ठेकेदार को गिरफ्तार किया और उनके पास से चार अवैध पिस्तौलों सहित 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। उनके खुलासे पर तीन और पिस्तौल बरामद हुए, जिससे पिस्तौलों की कुल संख्या सात हो गई।

दूसरी कार्रवाई के बारे में उन्होंने बताया कि थाना छेहरटा की टीमों ने हरप्रीत उर्फ भूंडी और एक नाबालिग को काबू किया और उनके पास से दो पिस्तौलों सहित चार जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके बाद की गई जाँच के दौरान एक और नाबालिग और गुर्गे—आकाशदीप सिंह और आकाशदीप सिंह उर्फ आकाश को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से दो जिंदा हैंड ग्रेनेड और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

तीसरी कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए सी.पी. ने बताया कि थाना सुल्तानविंड की टीमों ने शमशेर सिंह उर्फ शेरा, विशाल सिंह उर्फ कालू और गुरबीर सिंह उर्फ बिल्ला को गिरफ्तार किया और इनके पास से तीन पिस्तौल, चार जिंदा कारतूसों सहित 310.10 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।