25वीं राष्ट्रीय वुशू चैंपियनशिप में हिमाचल के आदित्य चौधरी व मुकेश ने जीते कांस्य पदक

मंडी, 04 नवंबर । हिमाचल प्रदेश वुशू टीम ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप में दो कांस्य पदक जीतने में कामयाबी हासिल की है। 25वीं राष्ट्रीय वुशू चैंपियनशिप तमिलनाडु राज्य के चेन्नई स्थित जेपियार युनिवर्सिटी में 28 अक्तूबर से 2 नवंबर तक हुई, जिसमें हिमाचल प्रदेश के वुशू खिलाड़ी आदित्य चौधरी व मुकेश ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया। ये दोनों खिलाड़ी मंडी जिला के हैं और बल्ह के कंसा चौक में स्थित वुशू एक्सीलैंस सेंटर में वुशू खेल की बारिकियां सीख रहे हैं।

भारतीय वुशू महासंघ के उपाध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश वुशू संघ के चेयरमैन पीएन आजाद ने बताया कि राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ी आदित्य चौधरी व मुकेश ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि आगामी राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश के वुशू खिलाड़ी और अधिक पदक जीतकर हिमाचल प्रदेश की झोली में डालेंगे, जिसके लिए खिलाड़ियों को वुशू एक्सीलैंस सेंटर कंसा चौक में वुशू खेल की बारिकियां सीखाई जाएगी। उन्होंने पदक जीतने वाले दोनों खिलाड़ियों व उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।