बाबरी की बात करने वालों के लिए भारत में कोई जगह नहीं : मनीष शुक्ल

लखनऊ,10 फरवरी । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने बाबरी मस्जिद के मुददे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिए बयान का समर्थन किया है। मनीष शुक्ल ने मंगलवार को कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम का मंदिर संविधान सम्मत तरीके से बना। लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद बना। आज कुछ लोग उस संविधान और कानून को चुनौती दे रहे हैं। बयान देते हैं कि बाबरी फिर बनेगी। उनके लिए योगी आदित्यनाथ ने साफ कहा है कि कानून और संविधान का पालन करो। यह देश संविधान से चलेगा। जो लोग इसके विपरीत जाने का प्रयास करेंगे निश्चित रूप से उन्हें कानून का सामना करना पड़ेगा।

प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा वह दल है जो कहा वह किया। रामलला हम आयेंगे मंदिर वहीं बनायेंगे, इस नारे के साथ आये। हमने अपने निश्चय को भी पूरा किया और देश के कानून और संविधान का पालन किया। लेकिन जो लोग बाबरी की बात कर रहे हैं वह मुगलों के हिमायती हैं। आतातायियों के हिमायती हैं, उनकी जगह देश में नहींं है।