पंजाब में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका, दो मौजूदा विधायकों ने पार्टी से दिया इस्तीफा

चंडीगढ़, 01 नवंबर । पंजाब में अगले विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) को बड़ा झटका लगा है। उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने के एक दिन बाद रविवार को पार्टी के दो मौजूदा विधायकों हरमीत सिंह पठानमाजरा (सनौर) और चेतन सिंह जौड़ामाजरा (समाना) ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया।

विधानसभा चुनाव में टिकट कटने की आशंका से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि आम आदमी पार्टी इन दोनों विधायकों को दोबारा चुनाव मैदान में उतारने के पक्ष में नहीं थी। इसके संकेत पार्टी ने हाल ही में दोनों विधानसभा क्षेत्रों में नए हलका इंचार्ज नियुक्त करके दिए थे। पार्टी ने सनौर विधानसभा क्षेत्र में रंजोध हडाना को हलका इंचार्ज की जिम्मेदारी सौंपी थी, जबकि समाना में सुरजीत सिंह रखड़ा को हलका इंचार्ज नियुक्त किया गया था। इन नियुक्तियों के बाद से ही दोनों सीटों पर पार्टी की चुनावी रणनीति में बदलाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं।

गौरतलब है कि हरमीत सिंह पठानमाजरा एक दुष्कर्म मामले में केस दर्ज होने के बाद से विवादों में रहे हैं। मामला दर्ज होने के बाद उनके फरार होने की खबरों ने भी उनकी राजनीतिक स्थिति को लेकर सवाल खड़े किए थे। अब दोनों विधायकों के इस्तीफे से पंजाब की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना है।