उत्तर प्रदेश विधान मंडल के मानसून सत्र का आज से होगा आरम्भ

लखनऊ, 03 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र सोमवार से प्रारंभ हो रहा है। आज पहले दिन विधानसभा में वंदे मातरम का गान होगा। इसके उपरांत आजमगढ़ की निजामाबाद विधानसभा सीट से विधायक आलम बदी आजमी के निधन पर शोक प्रस्ताव आएगा। विधानसभा अध्यक्ष के साथ ही सभी दलीय नेताओं द्वारा निधन पर शोक संवेदनाएं व्यक्त की जाएंगी। इसके उपरांत विधानसभा की कार्यवाही अगले दिन तक स्थगित हो जाएगी। योगी आदित्यनाथ सरकार मंगलवार को विधानसभा में अनुपूरक बजट प्रस्तुत करेगी।

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने 18वीं विधानसभा के वर्ष 2026 के तृतीय सत्र के सफल, गरिमापूर्ण एवं सुचारू संचालन के लिए सभी राजनीतिक दलों से सकारात्मक सहयोग का अनुरोध किया है। रविवार को विधान भवन में हुई सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि सदन लोकतांत्रिक विमर्श का सर्वोच्च मंच है। सभी दलों के सहयोग से सदन की कार्यवाही निर्बाध रूप से संचालित होने से सभी सदस्यों को अपनी बात कहने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि सदस्यों को अपनी बात रखते समय लोकतांत्रिक मूल्यों एवं विधानसभा के नियमों के अनुरूप संयमित, मर्यादित एवं गरिमापूर्ण भाषा का प्रयोग करना चाहिए, जिससे सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से संचालित हो सके।

संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि सदन का सुचारू संचालन सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों के सहयोग से ही संभव है। उन्होंने कहा कि सभी दलों द्वारा सदन की कार्यवाही के शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित संचालन का आश्वासन देना लोकतांत्रिक परंपराओं को और सुदृढ़ करेगा।

विधानसभा अध्यक्ष की अपील पर सभी दलों ने सदन के सुचारू संचालन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है। हालांकि सत्ताधारी दल और विपक्षी पार्टियों ने सदन में अपनी-अपनी बातों को रखने के लिए योजना तैयार कर रखी है। मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी ने सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को समाजवादी पार्टी के विधायक सदन के बाहर विधान भवन परिसर में सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं। सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी विपक्ष को ठोस जवाब देने के लिए अपने सदस्यों को तैयारी के साथ सदन में उपस्थित रहने के लिए कहा है।