अमित शाह का पंजाब दौरा: नशा विरोधी परिवारों से मुलाकात
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज यानी 20 अक्टूबर को पंजाब के दौरे पर हैं। वह सुबह गुरदासपुर पहुंच चुके हैं। यहां वे नशे का विरोध करने पर कत्ल किए गए बिक्रमजीत सिंह के परिवार से मुलाकात करेंगे। पंजाब दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
संगरूर और मानसा में परिवारों से मिलेंगे शाह
गुरदासपुर के बाद शाह संगरूर जिले के दिड़बा स्थित गांव तूर बंजारा जाएंगे। यहां AAP मंत्री हरपाल चीमा से सवाल पूछने पर तंग किए जाने के बाद गुलजार सिंह ने सुसाइड कर लिया था। इसके बाद वे मानसा पहुंचेंगे। यहां नशा विरोधी एक्टिविस्ट परविंदर झोटा के घर जाएंगे। झोटा की नशे का विरोध करने पर हत्या कर दी गई थी। एक पार्क में शाह झोटा के पिता, पत्नी और बेटों से बात करेंगे।
लुधियाना में रावण दहन में होंगे शामिल
शाम के समय अमित शाह लुधियाना के दरेसी ग्राउंड पहुंचेंगे। यहां शहर के सबसे बड़े दशहरे मेले में वे हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे रावण दहन भी करेंगे। बता दें कि जिन तीन मृतकों के घर शाह जा रहे हैं, उनकी हत्या और सुसाइड को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पंजाब सरकार से रिपोर्ट तलब की है।
सियासत तेज: CM मान का CBI जांच का ऐलान
शाह के दौरे से पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने मानसा के एक्टविस्ट परविंदर झोटा की हत्या की CBI जांच के आदेश दे दिए हैं। वहीं वित्तमंत्री हरपाल चीमा ने आरोप लगाया है कि BJP लाशों पर राजनीति कर रही है। मंत्री अमन अरोड़ा ने भी अमित शाह से चार सवाल पूछे हैं। देखना होगा कि शाह का यह दौरा पंजाब की सियासत में क्या असर डालता है।
स्रोत: दैनिक भास्कर और आज तक
Related: अमित शाह 20 अक्टूबर को पंजाब दौरे पर, लुधियाना में रावण दहन कार्यक्रम में होंगे शामिल