बिना अनुमति गैरहाजिर रहने पर चार पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

जयपुर, 30 अक्टूबर । चुनाव जैसी महत्वपूर्ण ड्यूटी के आदेश के बावजूद गैरहाजिर रहने और बिना अनुमति लंबे समय से अनुपस्थित रहने पर जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने चार प्रशिक्षु कांस्टेबलों को सेवा से पृथक कर दिया है। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की है।

सेवा से पृथक किए गए रिक्रूट कांस्टेबलों में लोकेश कश्यप, विजय सिंह, मोहरी लाल और बजरंग लाल शामिल हैं। इस संबंध में पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) अनुष्ठा कालिया ने आदेश जारी किए हैं।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने कहा कि पुलिस बल में अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्वाचन जैसी महत्वपूर्ण ड्यूटी के आदेश के बावजूद उपस्थित नहीं होना अनुशासनहीनता की पराकाष्ठा है। किसी भी पुलिसकर्मी की अनधिकृत गैरहाजिरी से न केवल ड्यूटी व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि पूरे पुलिस बल के अनुशासन पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्तव्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।