कैथल, 17 अक्टूबर । राज्य स्तरीय अखाड़ा प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करने के लिए पहलवानों ने अखाड़े में दमखम दिखाना शुरू कर दिया है। खेल विभाग की ओर से शनिवार काे अंबाला रोड स्थित इंडोर खेल स्टेडियम में आयोजित ट्रायल में जिलेभर से करीब 250 खिलाड़ी पहुंचे। विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों ने अपनी कुश्ती प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चयन प्रक्रिया के आधार पर लड़के और लड़कियों सहित करीब 90 खिलाड़ियों की टीम तैयार की जानी है।
ट्रायल के दौरान पहलवानों के प्रदर्शन के आधार पर अलग-अलग भार वर्गों में चयन किया गया। खिलाड़ियों में चयनित होकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जगह बनाने को लेकर उत्साह दिखाई दिया। जिला स्तर पर चुने जाने वाले पहलवानों को राज्य स्तरीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। खेल विभाग की ओर से प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके अलावा उन्हें ग्रेडेशन प्रमाण पत्र भी जारी किए जाएंगे। जिला कुश्ती कोच विजय चौहान को ट्रायल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके सहयोग के लिए विमल पीजीटी, मंदीप, हरीष, राकेश, वकील, सुरेंद्र, संजय और कर्ण भी मौजूद रहे। चयन प्रक्रिया रविवार को भी जारी रहेगी। इस दौरान कुमार और केसरी वर्ग के खिलाड़ियों के ट्रायल लेकर उनका चयन किया जाएगा। विजय चौहान ने बताया कि राज्य स्तरीय अखाड़ा प्रतियोगिता के लिए जिला स्तर पर खिलाड़ियों की प्रतिभा परखी जा रही है। विभिन्न भार वर्गों में लड़के और लड़कियों का चयन किया जा रहा है। रविवार को कुमार और केसरी वर्ग के पहलवानों के ट्रायल के बाद चयन प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
अंडर-17 वर्ग: 40 किलोग्राम में रितू, 43 में माही, 46 में वंशिका, 49 में दीपांशी, 53 में स्नेहा, 57 में श्वेता, 61 में तमन्ना, 65 में मुस्कान, 69 में अंजू और 73 किलोग्राम में तमन्ना का चयन हुआ।
सीनियर वर्ग: 50 किलोग्राम में मीनाक्षी, 53 में अंजलि, 55 में भारती, 57 में कौशल, 59 में हिमांशी, 62 में रानी, 65 में अंजलि, 68 में वीना, 72 में मनप्रीत और 76 किलोग्राम में ज्योति चुनी गईं।
अंडर-20 वर्ग: 50 किलोग्राम में दिव्या, 53 में साक्षी, 55 में तनु, 57 में भतेरी, 59 में पारुल, 62 में मनप्रीत, 65 में मनप्रीत, 68 में ईशा देवी, 72 में कृतिका और 76 किलोग्राम में जसविंद्र का चयन किया गया।