लक्खा सिधाना को माइनर हार्ट अटैक, कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से दी जानकारी
मानसा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए ‘वारिस पंजाब दे’ के नेता लक्खा सिंह सिधाना को माइनर हार्ट अटैक आया है। यह जानकारी उनके वकीलों ने आज कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई पेशी के दौरान दी। वकील गुरप्रीत सिंह संधू और हरजोत सिंह मान ने कोर्ट को बताया कि लक्खा सिंह को सीने में दर्द और सांस लेने में परेशानी हो रही है। पुलिस ने उन्हें मेडिकल सहायता दी थी, लेकिन फिर भी उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की। इसके बाद वकीलों ने उचित मेडिकल जांच के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल की, जिसे कोर्ट ने मंजूर कर लिया।
पुलिस ने 7 दिन का रिमांड मांगा, कोर्ट ने दिया 1 दिन का रिमांड
वकीलों ने बताया कि पुलिस लक्खा सिधाना का मोबाइल फोन बरामद करने के लिए 7 दिन का अतिरिक्त रिमांड मांग रही थी। हालांकि, वकीलों ने कोर्ट में पुलिस की इस मांग का विरोध किया। वकीलों ने कोर्ट को बताया कि गिरफ्तारी के दिन मोबाइल फोन लक्खा सिधाना की जेब में था। ऐसे में या तो फोन घटनास्थल पर गिर गया या फिर जेब से निकाल लिया गया। वकीलों ने पुलिस से सवाल किया कि इतने दिन बीत जाने के बाद भी मोबाइल फोन को ट्रेस करने या उसकी आखिरी लोकेशन पता लगाने की कोशिश क्यों नहीं की गई? इस पर पुलिस ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। इसके बाद कोर्ट ने पुलिस को एक दिन का रिमांड दिया।
28 अक्टूबर को DC आवास के सामने से हिरासत में लिया गया था
गौरतलब है कि पुलिस ने 28 अक्टूबर को DC आवास के सामने से लक्खा सिंह सिधाना को हिरासत में लिया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ युवकों ने उन्हें बचाने की कोशिश की। लेकिन सिविल वर्दी में पहुंची पुलिस उन्हें खींचकर गाड़ी में डालकर ले गई। इस दौरान अन्य युवकों को भी पुलिस ने जबरन गाड़ियों में बैठाकर ले गई। पुलिस की यह कार्रवाई गांव भम्मे कलां के युवक दलजीत सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद बने तनावपूर्ण माहौल के दौरान हुई थी।
दलजीत सिंह की मौत के बाद बना था तनावपूर्ण माहौल
बताया जा रहा है कि दलजीत सिंह की मौत को ओवरडोज से हुई मौत बताया जा रहा था। वहीं, कुछ लोग उसका शव परविंदर झोटा के इंसाफ के लिए लगाए गए धरने में ले जाना चाहते थे। इसी दौरान इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी। पुलिस की इस कार्रवाई ने इलाके में स्थिति को और गंभीर बना दिया। लक्खा सिधाना की गिरफ्तारी और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। मामले की अगली सुनवाई में और भी खुलासे हो सकते हैं।
इस खबर के बारे में अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें और यहां देखें।