मुरादाबाद, 17 फरवरी । राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) से फरार दो और किशोरों को सिविल लाइंस पुलिस ने रेलवे स्टेशन के नजदीक पकड़ लिया है। पकड़े गए किशोरों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह के निर्देश पर सिविल लाइंस पुलिस की टीम ने मंगलवार को रेलवे स्टेशन के नजदीक रामपुर रोड पर सम्प्रेक्षण गृह से फरार दो और किशोरों को पकड़ लिया। पकड़े गए किशोर उत्तराखंड प्रांत के उधमसिंहनगर जिले के खड़कपुर आईटीआई थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
उल्लेखनीय है कि, थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित समाज कल्याण विभाग कार्यालय के नजदीक राजकीय किशोर सम्प्रेक्षण गृह से बीते 8 फरवरी की रात 5 किशोर फरार हो गए थे। इस मामले में संस्था के प्रभारी अधीक्षक मुकेश कुमार चौधरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें से दो किशोराें को उसी दिन रात्रि में घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया था। एक किशोर को दो दिन बाद पकड़ लिया गया और शेष बचे दो किशोर को थाना सिविल लाइन पुलिस ने आज दबोच लिया।
थाना सिविल लाइन प्रभारी मनीष सक्सेना ने बताया कि पुलिस दोनों किशोरों से पूछताछ कर रही है। सभी पांच फरार किशोरों को पुलिस बरामद कर चुकी है।