सिद्धार्थनगर, 29 जून । सिद्धार्थ विश्वविद्यालय सिद्धार्थनगर का दसवां दीक्षांत समारोह सोमवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इस अवसर पर 37 मेधावियों को स्वर्ण पदक तथा 25 शोधार्थियों को उपाधि प्रदान की गई। समाराेह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विद्यार्थियों को सीख देते हुए कहा कि जीवन में कितनी भी ऊंचाई प्राप्त कर लो, लेकिन संस्कार नहीं भूलना चाहिए। आज हम पूरे विश्व को दिशा दिखा रहे हैं। भारत आत्मनिर्भर ,समावेशी विकास और वैश्विक नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ रहा है। विशिष्ट अतिथि प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी रहीं।
राज्यपाल पटेल ने आगे कहा कि आप लोग शिक्षा प्राप्त करके समाज मे परिवर्तन ला सकते हैं। अपने माता पिता से प्रेरणा लेकर समाज को आगे बढ़ाने का कार्य करें।मेडल प्राप्त करने में छात्राएं आगे निकली हैं।आज नारी किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। यह उपाधि सिर्फ एक प्रमाण पत्र ही नहीं है।शिक्षा का उद्देश्य जीवन यापन करना नहीं बल्कि राष्ट्र के उत्थान एवं विकास के लिए कार्य करना है।
समारोह की मुख्य अतिथि काशी हिदू विश्वविद्यालय की वनस्पति विज्ञान की प्रोफेसर मधूलिका अग्रवाल ने विद्यार्थियों से कहा कि सबकी अपेक्षाओं को पूर्ण करते हुए देश का नाम रोशन करें। आने वाले समय में अपने सपनों को साकार करने में सफल हों। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय का गौरव ऊंचा होगा। विकसित भारत के महान संकल्प को सिद्ध करने में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। आजादी के 100 वर्ष पूर्ण होने पर 2047 तक हम आत्मनिर्भर और विश्व गुरु के रूप में खड़े होंगे। भगवान गौतम बुद्ध इसी धरती के थे।उन्होंने पूरे विश्व को शांति और करुणा तथा अहिंसा का संदेश दिया।यह भूमि देश और विदेश के लोगों को अपनी तरफ आकर्षित करती है। काला नमक चावल की सुगंध देश और विदेश को सुगंधित कर रही है।इसी तरह से इस विश्व विद्यालय के सभी छात्र/छात्राएं पूरे विश्व में इसका नाम रोशन करें।
विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि आपके नये जीवन का शुभारंभ हो रहा है।सपने वह सार्थक होते हैं जो हमें सोने न दें। यह भगवान बुद्ध की धरती है।कपिलवस्तु की धरती हमे करुणा,साहस और शांति का संदेश देती है।आज बेटियों ने बाजी मारी है।बेटियां देश की दिशा और दशा बदल रही हैं।आप लोग मन कर्म और बच्चन से देश को विकसित बनायें। इस अवसर पर जनपद सिद्धार्थनगर, महराजगंज,संतकबीर नगर एवं बस्ती के कुल 700 कार्यकत्रियों को किट भी वितरित किया गया।
कुलपति प्रोफेसर कविता शाह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए सभी छात्र/छात्राओं को शुभकामना देते हुए विश्व विद्यालय के बारे में विस्तार से बताया।समारोह में सांसद जगदम्बिकापाल, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, विधायक श्याम धनी राही एवं विनय वर्मा के अलावा जिलाधिकारी शिवशनरप्पा जी एन व पुलिस अधीक्षक डॉ अभिषेक महाजन सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।