रोडवेज बस और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, दो युवकों की मौत

बहराइच, 19 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में लखनऊ-बहराइच मार्ग पर रविवार शाम कैसरबाग डिपो की रोडवेज बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा जरवल रोड थाना क्षेत्र में हुआ। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

रविवार शाम करीब 6:30 बजे कैसरबाग डिपो की बस (यूपी 78 एफएन 2645) और बाइक (यूपी 41 एसी 9673) के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान बाराबंकी जिले के बघौरा गांव निवासी सर्वेश, पुत्र रमापति, और अनिरुद्ध, पुत्र रमतेज के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 30 वर्ष बताई गई है।

दुर्घटना के बाद मार्ग पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई और सड़क पर लगे जाम को हटवाया, जिससे यातायात सुचारु हो सका।

थानाध्यक्ष सन्तोष सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों मृतकों के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है। दुर्घटना में शामिल बस को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।