मुरादाबाद, 04 जून । उत्तर प्रदेश के जनपद मुरादाबाद की सीएनएस एकेडमी, कुचावली में सतपुरुष बाबा फुलसंदे वालों के सान्निध्य में दिव्य सत्संग के पांचवें दिन गुरुवार काे बाबा फुलसंदे वालों ने आत्मा और परमात्मा के मिलन को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि मनुष्य के कर्म ही उसकी सबसे बड़ी पूंजी हैं। कर्म ही मनुष्य को स्वर्ग तक पहुंचाते हैं और कर्म ही उसे नरक का मार्ग दिखाते हैं। कहा कि कर्मों से ही व्यक्ति राजा बनता है और कर्मों से ही रंक बनता है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को समय रहते अपने कर्मों को सुधार लेना चाहिए।
उन्हाेंने कहा कि हमें अपने माता-पिता की सेवा, समाज की सेवा तथा दुखी और जरूरतमंद लोगों की सेवा करनी चाहिए। सेवा ही वह श्रेष्ठ मार्ग है, जिसके माध्यम से मनुष्य अपने कर्मों को सुधार सकता है और परमात्मा की परमगति को प्राप्त कर सकता है। सीएनएस एकेडमी के चेयरमैन सुंदर सिंह ने बाबा फुलसंदे वालों को शॉल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया और प्रधानाचार्या प्रियंका सिंह ने आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
———–