कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना के नेता लियू हैक्सिंग पाकिस्तान के दौरे पर, संबंधों को और मजबूत करने पर जोर

इस्लामाबाद, 03 नवंबर । कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना की केंद्रीय समिति के अंतरराष्ट्रीय विभाग के मंत्री लियू हैक्सिंग ने सोमवार को पाकिस्तान के नागरिक और सैन्य नेतृत्व के साथ कई उच्च-स्तरीय बैठकें कीं। उन्होंने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर और उप प्रधानमंत्री इशाक डार के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और क्षेत्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर चर्चा की।

द न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान विदेश कार्यालय ने बताया कि लियू हैक्सिंग एक नवंबर को पाकिस्तान पहुंचे। यह उनका पहला आधिकारिक दौरा है। प्रधानमंत्री के साथ बैठक में लियू ने द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने के तरीकों पर चर्चा की। इस दौरान शहबाज ने दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने के लिए निरंतर राजनीतिक जुड़ाव और पार्टियों के बीच आपसी आदान-प्रदान को बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

लियू और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री ने दोहराया कि पाकिस्तान और चीन के बीच एक बेहद मजबूत, समय की कसौटी पर खरी उतरी और हर मौसम में कायम रहने वाली रणनीतिक सहकारी साझेदारी है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच दोस्ती आपसी विश्वास, सम्मान और दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे संबंधों पर टिकी है।

शहबाज ने दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, कनेक्टिविटी, बुनियादी ढांचे के विकास, सूचना प्रौद्योगिकी और कृषि के आधुनिकीकरण में सहयोग बढ़ाने पर दोनों पक्षों के साझा फोकस को रेखांकित किया। लियू ने चीनी नेतृत्व की ओर से शुभकामनाएं दीं और पाकिस्तान के साथ अपनी पुरानी दोस्ती को और गहरा करने के लिए बीजिंग की प्रतिबद्धता को दोहराया।

दोनों पक्षों ने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया और द्विपक्षीय तथा बहुपक्षीय मंचों पर करीबी समन्वय और सहयोग बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। प्रधानमंत्री ने दौरे पर आए चीन के नेता और उनके प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में एक भोज का भी आयोजन किया। इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के अनुसार, दोनों पक्षों ने आपसी हित के मुद्दों, क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा की बदलती स्थितियों और द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की।

फील्ड मार्शल मुनीर ने दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक और समय की कसौटी पर खरे उतरे संबंधों पर प्रकाश डाला। उन्होंने लगातार उच्च-स्तरीय बातचीत, मजबूत संस्थागत संबंधों और आपसी हित के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के महत्व पर जोर दिया। चीनी प्रतिनिधि ने क्षेत्रीय शांति और स्थिरता में पाकिस्तान के योगदान की सराहना की और दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही रणनीतिक साझेदारी को और आगे बढ़ाने पर भरोसा जताया।

एक अन्य बैठक में, उप प्रधानमंत्री और विदेशमंत्री इशाक डार ने चीन के साथ रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए पाकिस्तान की प्रतिबद्धता को दोहराया। दोनों पक्षों ने सांस्कृतिक संबंधों और लोगों के बीच आपसी आदान-प्रदान को बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। साथ ही, उन्होंने करीबी समन्वय बनाए रखने और द्विपक्षीय संबंधों में सकारात्मक गति को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। पाकिस्तान के राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व के साथ लियू की ये मुलाकातें ऐसे समय में हो रही हैं, जब दोनों देश राजनीतिक, आर्थिक, सुरक्षा और संस्थागत क्षेत्रों में अपना सहयोग लगातार बढ़ा रहे हैं।