अमृतसर एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए 1 नवंबर से डिजीयात्रा का लाइव ट्रायल

अमृतसर, 31 अक्टूबर । श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, अमृतसर पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए डिजीयात्रा सुविधा का लाइव ट्रायल 1 नवंबर, 2026 से शुरू किया जा रहा है। फिलहाल यह सुविधा ई-चिप युक्त पासपोर्ट रखने वाले भारतीय अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी।

इस सुविधा के तहत यात्री चेहरे की पहचान तकनीक (फेशियल रिकग्निशन टेक्नोलॉजी) के माध्यम से एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में प्रवेश कर सकेंगे। इससे यात्रियों की प्रवेश प्रक्रिया पहले के मुकाबले अधिक सहज, सुगम और समयबद्ध होने की उम्मीद है।

एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, डिजीयात्रा सुविधा के लिए फेस स्कैनर मशीनें पहले से स्थापित की जा चुकी हैं। इसके अलावा, इस व्यवस्था को शुरू करने से पहले जरूरी तैयारियों और तत्परता संबंधी परीक्षण भी सफलतापूर्वक पूरे कर लिए गए हैं।

हालांकि, शुरुआती चरण में यह सुविधा केवल प्रस्थान करने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए होगी। इसके तहत पात्र यात्री टर्मिनल भवन में प्रवेश के समय चेहरे की पहचान आधारित प्रणाली का इस्तेमाल कर सकेंगे।