चंडीगढ़, 31 अक्टूबर । आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने पर भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह सूची 40 उम्मीदवारों की नहीं, बल्कि पंजाब की बर्बादी के 40 हिस्सेदारों की सूची है। यह सूची ईमानदार और जनसेवा करने वाले व्यक्तियों की नहीं, बल्कि गंभीर आरोपों और विवादों में घिरे नेताओं की है।
उन्होंने कहा कि पूरे पंजाब में ‘ईमानदार मुख्यमंत्री’ के बोर्ड लगाकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है, जबकि मौजूदा हालात को देखते हुए इन बोर्डों पर ‘बेईमान मुख्यमंत्री’ लिखा जाना चाहिए। सूची में शामिल कई उम्मीदवारों पर भ्रष्टाचार, धोखाधड़ी, मनी लॉन्ड्रिंग और अन्य गंभीर मामलों के आरोप हैं। केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि, “आप” के उम्मीदवार पहले घोषित हों या बाद में, पंजाब की जनता अब इन्हें दोबारा मुंह नहीं लगाएगी। झूठे वादों के जाल में पंजाब एक बार फंस चुका है, अब दूसरी बार नहीं फंसेगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि “आप” का बदलाव पंजाब को बहुत महंगा पड़ा है और सरकार हर मोर्चे पर नाकाम साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली से हारकर आए पार्टी के आकाओं और विधायकों ने पांच साल तक पंजाब को जमकर लूटा है और अब दोबारा लूट की तैयारी में हैं, जिसे पंजाब के लोग कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे। ढिल्लों ने कहा कि पांच साल में “आप” ने पंजाब का पूरी तरह सत्यानाश कर दिया है। जिन चेहरों को पार्टी ने दोबारा चुनावी मैदान में उतारा है, वे पौने पांच साल से सत्ता में हैं और पंजाब की बर्बादी में बराबर के भागीदार हैं।
उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है। हर रोज हत्याएं, फिरौती और गोलियों की गूंज सुनाई दे रही है। सरकार नशे पर रोक लगाने में बुरी तरह विफल रही है और हर दिन युवा नशे की भेंट चढ़ रहे हैं। ढिल्लों ने कहा कि पंजाब के लोग सरकार के कामकाज से पूरी तरह दुखी हैं और “आप” विधायकों को अपने गांवों में प्रवेश तक नहीं करने देना चाहते। उन्होंने चेतावनी दी कि चुनाव आचार संहिता लागू होते ही गांवों में “आप” का प्रवेश बंद हो जाएगा। उन्होंने कहा कि अब पंजाब के लोग हिसाब लेने के मूड में हैं और आगामी चुनावों में “आप” को इस लूट और बर्बादी का जवाब देना पड़ेगा।
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब के लोगों की एकमात्र उम्मीद भारतीय जनता पार्टी की सरकार से है। पंजाब से नशे, गैंगस्टरवाद और भ्रष्टाचार को खत्म करने का काम भाजपा ही करेगी और यहां की बिगड़ी हुई कानून-व्यवस्था को भी भाजपा ही ठीक करेगी। इसी कारण पंजाब के लोग 2027 में डबल इंजन की सरकार बनाएंगे। ढिल्लों ने कहा कि भाजपा सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है और आने वाली सरकार भाजपा की ही होगी।