भविष्य सेतु कार्यक्रम के तहत किलिंग में करियर काउंसलिंग एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन शिविर आयोजित

मंडी, 30 अक्टूबर । जिला रोजगार कार्यालय एवं मॉडल करियर सेंटर, मंडी के तत्वावधान में आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, किलिंग में भविष्य सेतु कार्यक्रम के अंतर्गत करियर काउंसलिंग एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं, स्वरोजगार तथा स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन करना था।

कार्यक्रम में जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को दसवीं एवं बारहवीं कक्षा के बाद उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों, सरकारी एवं निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उचित रणनीति अपनाने, समय प्रबंधन करने तथा अपने निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सुमन भारती ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में जागरूक किया।

कृषि विकास अधिकारी सोहन लाल ने विद्यार्थियों को बारहवीं कक्षा के बाद कृषि एवं बागवानी के क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों, रोजगार की संभावनाओं तथा इन क्षेत्रों में स्वरोजगार एवं भविष्य निर्माण के अवसरों के बारे में जानकारी दी। पंजाब नेशनल बैंक की ओर से आदर्श राणा ने आरसेटी संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न निःशुल्क स्वरोजगार प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी।