लुधियाना: चलती स्कॉर्पियो में युवक ने खुद को मारी गोली, कार पोल से टकराई
लुधियाना में एक युवक ने अपनी चलती स्कॉर्पियो में लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। यह घटना जीटी रोड पर हवेली के पास शाम करीब 5 बजे हुई। गोली लगने के बाद कार बेकाबू हो गई। वह सड़क किनारे लगे साइन बोर्ड के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के दोनों एयर बैग खुल गए। कार का आगे का हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
राहगीरों ने देखी खून से लथपथ हालत
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने देखा कि ड्राइवर सीट पर युवक खून से लथपथ बेसुध पड़ा था। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद लोगों ने युवक को डीएमसी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गांव दाखा निवासी जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सा के रूप में हुई है।
6 साल पहले की थी लव मैरिज, घरेलू झगड़े थे आम
जसप्रीत के पिता पंजाब पुलिस से रिटायर्ड कर्मचारी हैं। वह तीन भाई-बहन थे। जानकारी के अनुसार, जसप्रीत ने करीब 6 साल पहले लव मैरिज की थी। इस शादी से उसकी एक 4 साल की बेटी भी है। पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। जसप्रीत लुधियाना शहर में रहता था। 23 जुलाई को वह अपने गांव दाखा आया हुआ था। शाम को वह स्कॉर्पियो में सवार होकर वापस शहर जा रहा था।
फोन पर जोरदार बहस, फिर ली जानलेवा स्टेप
जब वह जीटी रोड पर हवेली के पास पहुंचा, तब वह फोन पर जोर-जोर से बात कर रहा था। अचानक उसने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और लाइसेंसी रिवॉल्वर से अपने सिर में गोली मार ली। डीएसपी दाखा करण सिंह संधू ने मामले की पुष्टि की है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पंजाब पुलिस का ASI वीडियो बनाकर नहर में कूदा
इसी तरह की एक और घटना में पंजाब पुलिस के एक ASI ने फिरोजपुर फीडर नहर में छलांग लगा दी। कूदने से पहले उन्होंने एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। इसमें उन्होंने एक महिला समेत सात लोगों के नाम लिए। ASI ने कहा कि महिला ने उनके खिलाफ गलत शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत वापस लेने के लिए 35 लाख रुपये मांगे गए थे। इसमें बटाला नगर निगम चुनाव का भी जिक्र किया गया।
Related: चलती स्कॉर्पियो में खुद को मारी गोली, पोल से टकराई