शांता कुमार को जन्मदिन पर मुख्यमंत्री सुक्खू समेत कई नेताओं ने दी बधाई

शिमला, 12 सितंबर । हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता शांता कुमार को उनके जन्मदिन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शांता कुमार को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए परमपिता परमात्मा से उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सुखमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि शांता कुमार का हिमाचल प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक जीवन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

इसके अलावा प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर, सांसद सिकंदर कुमार सहित कई अन्य नेताओं ने भी शांता कुमार को जन्मदिन की बधाई दी और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

शांता कुमार हिमाचल प्रदेश के प्रमुख राजनीतिक नेताओं में शामिल रहे हैं। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में दो बार जिम्मेदारी संभाली और लंबे समय तक हिमाचल की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई। जन्मदिन के अवसर पर विभिन्न नेताओं और समर्थकों ने उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की है।