हमीरपुर, 31 अक्टूबर । भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं नैना देवी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि चुनावों में लगातार मिल रही पराजय से कांग्रेस बौखलाई हुई है। इसी हताशा में वह मतदाता सूचियों को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का यह रवैया उसके दोहरे मापदंडों को दर्शाता है।
रणधीर शर्मा शनिवार को मट्टनसिद्ध में जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शामिल हुए। बैठक में 4 नवंबर को हमीरपुर में आयोजित होने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा की तैयारियों और रणनीति पर चर्चा की गई। इस पदयात्रा का नेतृत्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर करेंगे।
रणधीर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के नेता पहले मतदाता सूचियों में गड़बड़ियों, मृत व्यक्तियों के नाम दर्ज होने और संबंधित क्षेत्र में नहीं रहने वाले लोगों के मतदान करने पर सवाल उठाते थे। अब जब निर्वाचन आयोग मतदाता सूचियों के शुद्धिकरण के लिए एसआईआर करवा रहा है तो कांग्रेस इसका विरोध कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के विरोध की आड़ में कांग्रेस फर्जी मतदाताओं और अपात्र लोगों के नाम मतदाता सूचियों में बनाए रखने की पैरवी कर रही है। निष्पक्ष चुनाव के लिए केवल पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में होना जरूरी है।
उन्होंने ईवीएम को लेकर कांग्रेस के रुख पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव में सफलता मिलने पर कांग्रेस ईवीएम पर सवाल नहीं उठाती, जबकि हार मिलने पर चुनाव प्रक्रिया को कठघरे में खड़ा करती है। उन्होंने कहा कि चुनाव ईवीएम से हों या मतपत्रों से, जीत का आधार जनता का विश्वास और समर्थन ही होता है। उन्होंने कांग्रेस से निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता पर अनावश्यक सवाल उठाने से बचने की अपील की।
रणधीर शर्मा ने बताया कि पदयात्रा में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की सभी 17 विधानसभा सीटों से विधायक, पूर्व विधायक, वरिष्ठ नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता भाग लेंगे। अभियान के तहत प्रदेशभर में एसआईआर के महत्व को लेकर संगोष्ठियां और जनसंवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। युवाओं और कॉलेज विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में 5 नवंबर तक देशभर में 121 स्थानों पर पदयात्राएं प्रस्तावित हैं। हिमाचल में 30 अक्टूबर को धर्मशाला में पदयात्रा आयोजित की जा चुकी है। एक नवंबर को शिमला और 4 नवंबर को हमीरपुर में पदयात्रा निकाली जाएगी।
इससे पहले बैठक में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। रणधीर शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए सरदार पटेल का योगदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।